नई दिल्ली।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को कहा कि प्रदर्शनकारी किसान देश के लिए वैसे ही लड़ रहे हैं, जैसे सीमा पर सैनिक लड़ते हैं। गांधी फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) और कर्ज माफी पर कानून बनाने सहित अपनी मांगों के लिए केंद्र पर दबाव बनाने के लिए किसानों द्वारा किए गए ‘दिल्ली चलो' विरोध मार्च का जिक्र कर रहे थे। राहुल गांधी ने औरंगाबाद जिले में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘प्रदर्शनकारी किसान हमारे देश के लिए लड़ रहे हैं, ठीक उसी तरह जैसे सीमा पर सैनिक लड़ते हैं।''
कांग्रेस सांसद ने यह भी आरोप लगाया कि आरएसएस और भाजपा ने ‘मणिपुर' में आग लगाने का काम किया और उन्होंने एक समुदाय को दूसरे समुदाय के खिलाफ खड़ा किया। पूर्वोत्तर राज्य पिछले साल मई से जातीय संघर्ष से जूझ रहा है। नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए गांधी ने दावा किया कि केंद्र ने सर्वाधिक अमीर लोगों के 14 लाख करोड़ रुपये के ऋण माफ कर दिए, जबकि मनरेगा का बजट केवल 70 हजार करोड़ रुपये है। उन्होंने अयोध्या के राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह में बड़ी संख्या में मशहूर हस्तियों की उपस्थिति के लिए केंद्र सरकार पर भी कटाक्ष किया और कहा कि इस दौरान एक भी गरीब व्यक्ति नहीं दिखा।